Aaj Ki Information

Aaj Ki Jankari, Aap Ke Liye

उत्तराखंड रोडवेज को मिली नई बसें


उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) अपनी सेवाओं को हाईटेक और आरामदायक बना रहा है। गोवा से चलकर अब तक 40 नई बसें देहरादून के ट्रांसपोर्टनगर स्थित वर्कशॉप पहुंच चुकी हैं, जिनका रजिस्ट्रेशन और तकनीकी निरीक्षण शुरू कर दिया गया है।
रोडवेज प्रबंधन के अनुसार, इन नई बसों को एक सप्ताह के भीतर विभिन्न रूटों पर उतारने की तैयारी है। 100 बसों के इस ऑर्डर में से 49 बसें करीब एक महीने पहले ही बेड़े में शामिल हो चुकी थीं, जो वर्तमान में संचालित हो रही हैं। शेष 51 बसों में से 40 दून पहुंच गई हैं और 11 बसें अभी रास्ते में हैं, जिनके अगले दो-तीन दिनों में यहां पहुंचने की उम्मीद है।

निरीक्षण के बाद होगा रूट निर्धारण
महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने बताया कि ट्रांसपोर्टनगर वर्कशॉप पहुंची बसों का संबंधित कंपनी के इंजीनियरों की ओर से निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के तुरंत बाद परिवहन विभाग के माध्यम से इनका रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। रजिस्ट्रेशन नंबर मिलते ही इन बसों को उन रूटों पर प्राथमिकता के आधार पर भेजा जाएगा जहां पुरानी बसों के हटने से यात्रियों को परेशानी हो रही है या जहां यात्रियों का दबाव अधिक रहता है।

यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
नई बसों के आने से न केवल यात्रियों का सफर आरामदायक होगा, बल्कि पुरानी और खस्ताहाल बसों के कारण होने वाली ब्रेकडाउन की समस्याओं में भी कमी आएगी। त्योहारों और आने वाले पर्यटन सीजन को देखते हुए इन बसों का समय पर आना रोडवेज के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *