देहरादून।मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) अब मिशन मोड में आ गया है। शनिवार को उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में शहर के भविष्य को लेकर कई बड़े फैसले लिए गए। उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ अब ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जाएगी।
अवैध कॉलोनियों के जाल से जनता को बचाने के लिए एमडीडीए एक बड़ी पहल करने जा रहा है। अब प्राधिकरण की वेबसाइट पर उन सभी स्थलों की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी, जहां अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई हुई है। शहर को बेतरतीब होने से बचाने के लिए अब सेक्टरवार संयुक्त अभियान चलाकर मौके पर ही अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया जाएगा। साथ ही, मानचित्र स्वीकृति के बाद शुल्क न जमा करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए समिति गठित कर दी गई है। प्राधिकरण ने पिछले कुछ महीने में दस हजार बीघा भूमि से अवैध प्लाटिंग ध्वस्त की है।
सहस्त्रधारा में बनेगा दिल्ली की तर्ज पर पार्क
शहर को प्रदूषण मुक्त और हरा-भरा बनाने के लिए सहस्त्रधारा रोड स्थित पुराने ट्रेंचिंग ग्राउंड को आधुनिक पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अध्ययन के लिए एमडीडीए की टीम दिल्ली जाकर वहां के पार्कों का निरीक्षण करेगी। इसके अलावा, मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप धर्मपुर चौक मंदिर के पास पार्क निर्माण और भगवान शिव की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
मई तक आएगी नई आवासीय योजना
उपाध्यक्ष ने धौरण क्षेत्र में लैंड पूलिंग के तहत खरीदी गई भूमि पर आवासीय योजना को मई 2026 तक धरातल पर लाने के निर्देश दिए हैं। यह योजना पर्यावरण अनुकूल होगी। वहीं, मसूरी रोड पर सड़क हादसों को रोकने के लिए वैली साइड में लाइटिंग का कार्य जल्द पूरा करने को कहा गया है।
नियोजित विकास हमारी प्राथमिकता:
उपाध्यक्ष उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल निर्माण नहीं, बल्कि भविष्य की जरूरतों के अनुरूप संतुलित विकास करना है। मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जा रहा है ताकि नागरिकों को चक्कर न लगाने पड़ें। सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि सभी विभागों को गुणवत्ता और नियमों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए गए हैं।












Leave a Reply