Aaj Ki Information

Aaj Ki Jankari, Aap Ke Liye

देहरादून में सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर दर्ज होगा मुकदमा

देहरादून। दून में जनता सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले सरकारी महकमों और कार्यदायी संस्थाओं पर प्रशासन सख्त हो गया। अपर तुनवाला क्षेत्र में सिंचाई विभाग की खुली नहर में एक बुजुर्ग के गिरकर चोटिल होने के मामले को जिला प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। डीएम सबिन बंसल के कड़े रुख के बाद लापरवाही बरतने वाले सिंचाई विभाग के संबंधित अधिकारियों पर आपराधिक मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
कैनाल रोड (अपर तुनवाला) क्षेत्र में सिंचाई विभाग की ओर से नहर की सफाई का काम कराया जा रहा था। सफाई के लिए विभाग ने जगह-जगह से स्लैब हटाए थे, लेकिन वहां न तो कोई बैरिकेडिंग की गई और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग इन खुले स्लैब को नहीं देख पाए और सीधे नहर में गिरकर घायल हो गए। डीएम ने जनपद की सभी निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों को अंतिम चेतावनी जारी की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों की कटिंग या निर्माण स्थलों पर यदि सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई, तो विभाग और ठेकेदार दोनों पर सीधे मुकदमा होगा। कार्यस्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और रात्रिकालीन रिफ्लेक्टर लगाने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *